
इस बार मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव बेहद खास अंदाज में मनाया जाने वाला है। जन्माष्टमी के अवसर पर 15 अगस्त से 17 अगस्त तक पूरे ब्रज क्षेत्र में उत्सव का माहौल रहेगा। भगवान श्रीकृष्ण की जन्म और लीला भूमि मथुरा, वृंदावन, नंदगांव, बरसाना, गोवर्धन, बलदेव और गोकुल में रोशनी, संगीत और ब्रज संस्कृति के रंग घुल जाएंगे।
400 कलाकारों की टोलियां रंग जमाएंगी
ब्रज तीर्थ विकास परिषद और जिला प्रशासन के संयुक्त आयोजन में करीब 400 कलाकारों की टोलियाँ तीन दिन तक जगह-जगह लोक कला की प्रस्तुतियां देंगी। कहीं रास की झलक दिखेगी तो कहीं बांसुरी की मधुर धुन लोगों को मंत्रमुग्ध कर देगी। रसिया, रागिनी, भजन और नृत्य से सजे मंच श्रद्धालुओं की आस्था को नया रंग देंगे।
मुख्य मंचों के अलावा 21 से ज्यादा छोटे मंच और पांच बड़े मंच बनाए जा रहे हैं। श्रीकृष्ण जन्मस्थान, वृंदावन, बलदेव मंदिर, गीता शोध संस्थान सहित पंच मुख्य स्थलों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। पोतरा कुंड से इस्कॉन मंदिर, गोविंद देव मंदिर से रसखान समाधि तक प्रत्येक स्थल पर ब्रज संस्कृति की छटा बिखरने वाली है।
सड़कों पर कलाकारों की टोलियां
मुहल्लों और बड़े मार्गों पर स्ट्रीट परफॉर्मर भी लोगों को अपनी प्रतिभा से मोह लेंगे। बीन, डमरु, ढोल, बम-नगाड़ा, मजीरा, सारंगी सहित पारंपरिक ब्रज वाद्ययंत्रों की धुन पर हर कोई झूमता नजर आएगा। कच्ची घोड़ी व नाचते हुए बहरूपिए बच्चों और बड़ों दोनों के आकर्षण का केंद्र बनेंगे।
आयोजन का शेड्यूल
- 15 अगस्त: दोपहर 3 से रात 9 बजे तक छोटे मंचों पर प्रस्तुतियां, सुबह 10 बजे से 12 बजे तक जन्मस्थान की परिक्रमा के साथ शोभायात्रा। करीब 250 कलाकार लोक कला का प्रदर्शन करेंगे।
- 16 अगस्त: दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक सांस्कृतिक आयोजन।
- 17 अगस्त: सुबह 10 से दोपहर 1 बजे और शाम को विभिन्न स्थलों पर कार्यक्रम। नंदगांव में नंदोत्सव के मौके पर विशेष प्रस्तुतियां होंगी।
- 29 अगस्त: बलदेव मंदिर क्षेत्र में दोपहर 12 से शाम 6 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम।
ब्रज संस्कृति की झलक हर जगह
ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सीईओ श्याम बहादुर सिंह ने जानकारी दी कि इस बार श्रीकृष्ण जन्मस्थान से जुड़े हर मार्ग पर ब्रज संस्कृति के प्राकृतिक रंग बिखरेंगे। दर्शकों को वातावरण पूरी तरह कृष्णमय मिलेगा। हर मंच पर रास, भजन और नृत्य के साथ पारंपरिक साज सज्जा होगी। श्रद्धालु हर तरफ से ब्रज संस्कृति में डूब जाएंगे।
श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था
उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद और जिला प्रशासन ने देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा, आवास और यातायात की विशेष तैयारियां की हैं। ताकि हर कोई ईश्वर की कृपा, धर्म और सांस्कृतिक आनंद का उत्सव सुरक्षित वातावरण में मना सके।
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के इस भव्य आयोजन में भाग लेने के लिए ब्रज आने वालों को एक यादगार अनुभव मिलेगा, जहां परंपरा और आधुनिकता का सुंदर संगम देखने को मिलेगा।